मुख्यमंत्री ने किया राष्ट्रीय औली मैराथन प्रतियोगिता का शुभारंभ

जोशीमठ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जोशीमठ में दो दिवसीय राष्ट्रीय औली मैराथन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जोशीमठ औली से हिमालयन मैराथन, फन रेस सहित अन्य खेलों का शुभारंभ होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा की ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन से प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जोशीमठ आपदा से उभरने के लिए सरकार ने कई सकारात्मक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार 22 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के लिए 11 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अपना पंजीकरण करा चुके हैं।स्की माउंटेनियरिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि औली मैराथन के अंतर्गत स्काई रनिंग और स्काई अल्ट्रा रेस का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें उत्तर प्रदेश उड़ीसा, आंध्र प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों के 300 से अधिक एथलीट प्रतिभाग कर रहे हैं। जोशीमठ क्षेत्र के विद्यालय एवं ग्राम सभाओं के लोग भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षित जोशीमठ का संदेश देशभर में पहुंचाने और पर्यटन व्यवसाय को उभारने के लिए औली मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री ने नृसिंह मंदिर में पहुंच कर पूजा अर्चना की। तत्तपश्चात जोशीमठ में आपदा राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावितों को हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित के पुनर्वास के लिए भूमि चयनित की जा रही है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान औली रोड में प्री फैबरीकेटेड घरों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने बताया कि 167 परिवारों का विस्थापन किया गया है और भू-स्वामियों को अब तक 10 करोड 46 लाख की धनराशि वितरित की जा चुकी है। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, बीकेटीसी के अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, बीजेपी के जिला अध्यक्ष रमेश मैखुरी, जोशीमठ नगर पंचायत अध्यक्ष शैलेन्द्र पंवार, ब्लाक प्रमुख हरीश पंवार, गोपेश्वर नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा पासवान, कर्णप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष दमयंती रतूड़ी, स्थानीय जन प्रतिनिधि विनोद कपरवान, ऋषि प्रसाद सती,नितेश चौहान, माधव प्रसाद सेमवाल, रिपुदमन सिंह रावत, अतुल शाह, रोहणी रावत, जगदंबा प्रसाद उनियाल आदि सहित जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल, सीडीओ डा.ललित नारायण मिश्र मौजूद थे।


